बदायूं में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, ढाबे पर विवाद के बाद दूसरे ढाबे जा रहे थे; अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

indianloveindia
3 Min Read
बदायूं में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, ढाबे पर विवाद के बाद दूसरे ढाबे जा रहे थे; अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। कादरचौक-बदायूं मार्ग पर असरासी पुलिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों की पहचान कादरचौक निवासी 21 वर्षीय सौरभ जौहरी उर्फ चीता और 20 वर्षीय वीरेश उर्फ विपिन के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त थे। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और मोहल्ले में मातम छा गया।

देर रात ढाबे पर हुआ था विवाद

परिजनों के अनुसार, दोनों दोस्तों ने सोमवार रात कस्बे के एक ढाबे पर खाने के लिए मुर्गा बनवाया था। जब वे देर से वहां पहुंचे तो ढाबा संचालक ने उनका तैयार किया हुआ मुर्गा किसी दूसरे ग्राहक को बेच दिया। इस बात को लेकर दोनों का ढाबा संचालक से विवाद हो गया।

विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। इसके बाद दोनों वहां से निकल गए और दूसरे ढाबे पर खाना खाने के लिए भदरौली की ओर जाने लगे।

दूसरे ढाबे जाते समय हादसा

परिजनों के मुताबिक, दोनों दोस्त बाइक से भदरौली के पास स्थित दूसरे ढाबे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान असरासी पुलिया के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दोनों परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

सौरभ जौहरी दो भाइयों में छोटे थे। उनके पिता गोपाल जौहरी समोसे की दुकान चलाते हैं और सौरभ दुकान के काम में उनकी मदद करते थे।

वहीं, वीरेश उर्फ विपिन पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके पिता खेती-बाड़ी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दो युवकों की एक साथ मौत की खबर से परिवारों के साथ-साथ मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।

अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस

सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए जानकारी जुटा रही है।

अभी तक वाहन और उसके चालक की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है।

Share This Article