क्वेटा। मंगलवार देर रात दक्षिण पश्चिम पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने लाहौर जा रही एक बस में सात यात्रियों की हत्या कर दी। यह हमला दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान के बरखान जिले में हुआ।
अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से लगा प्रांत अलगाववादी विद्रोहियों के खिलाफ पाकिस्तान की दशकों पुरानी लड़ाई में एक महत्वपूर्ण युद्धक्षेत्र है।
बस रोकी, आईडी देखी और कर दी हत्या
डिप्टी कमिश्नर वकार खुर्शीद आलम ने बताया कि लगभग 40 हथियारबंद लोगों के समूह ने कई बसों और वाहनों को रोका, सात यात्रियों को बस से बाहर निकालने और उन्हें गोली मारने से पहले राष्ट्रीय पहचान पत्रों की जांच की। सभी सात पीड़ित मध्य पंजाब प्रांत से थे।
क्षेत्र के सहायक आयुक्त खादिम हुसैन ने कहा कि हत्याएं बरखान को पंजाब के दक्षिणी शहर डेरा गाजा खान से जोड़ने वाले राजमार्ग पर हुई है। किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और हत्याओं के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है लेकिन हमलावर भाग निकले हैं।