पीलीभीत जिले में औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार देने के लिए बीसलपुर क्षेत्र में जिले का दूसरा बड़ा औद्योगिक हब विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। शाहजहांपुर सीमा से सटे इस क्षेत्र में प्रस्तावित गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसके लिए करीब 110 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। शासन से मिले निर्देशों के बाद जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने एसडीएम बीसलपुर से भूमि और परियोजना से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे की परियोजना पहले से ही स्वीकृत है और यह पीलीभीत जिले के बीसलपुर व बिलसंडा क्षेत्र से होकर गुजरेगा, जिससे जिले को पहली बार एक्सप्रेसवे की सुविधा मिलने जा रही है। इसी एक्सप्रेसवे के किनारे अब औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।
प्लग एंड प्ले मॉडल पर विकसित होगा हब
जिला प्रशासन के मुताबिक, प्रस्तावित औद्योगिक हब को प्लग एंड प्ले मॉडल पर विकसित किया जाना है। इसके तहत उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने से पहले ही बिजली, सड़क, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा, ताकि निवेशकों को शुरुआत से ही अनुकूल माहौल मिल सके। प्रस्ताव में करीब 100 औद्योगिक पार्क विकसित किए जाने की बात सामने आई है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगों को यहां निवेश के लिए आकर्षित करने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, परियोजना अभी प्रारंभिक चरण में है और भूमि व अन्य पहलुओं पर रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की रूपरेखा स्पष्ट हो सकेगी।
अब तक विकास से दूर रहा बीसलपुर क्षेत्र
अभी तक पीलीभीत जिले की अधिकांश बड़ी विकास परियोजनाओं का केंद्र पूरनपुर, अमरिया और सदर क्षेत्र रहा है। ऐसे में शाहजहांपुर सीमा से लगे बीसलपुर क्षेत्र को औद्योगिक विकास से जोड़ने की यह पहल क्षेत्रीय असंतुलन को कम करने की दिशा में उठाया गया कदम मानी जा रही है। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को क्षेत्र में उपलब्ध भूमि, सड़क संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं की संभावनाओं का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
अगर यह परियोजना अमल में आती है, तो बीसलपुर क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ ही जिले में औद्योगिक निवेश को भी बढ़ावा मिल सकता है।

