पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के प्रमुख पर्यटन स्थल चूका बीच आने वाले सैलानियों के लिए राहत भरी खबर है। वन निगम ने यहां ठहरने और बोटिंग की दरों में कटौती कर दी है, जिससे अब कम खर्च में सैलानी सुविधाओं का आनंद ले सकेंगे।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व स्थित चूका बीच पर बने थारू हट और ट्री हट का संचालन वन निगम के अधीन होता है। यहां ठहरने के लिए सैलानी वन निगम की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करते हैं। साथ ही शारदा सागर डैम में मोटर बोट की सुविधा भी वन निगम द्वारा उपलब्ध कराई जाती है। अब तक थारू हट में दो सैलानियों के 24 घंटे ठहरने के लिए 5600 रुपये और ट्री हट के लिए 9100 रुपये तक खर्च करना पड़ता था।
पहले इतना था किराया
शारदा सागर डैम में मोटर बोट से एक घंटे की सैर के लिए छह सैलानियों को 4000 रुपये चुकाने पड़ते थे। अधिक दरों के कारण यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में गिरावट दर्ज की जा रही थी, इससे वन निगम के राजस्व पर भी असर पड़ रहा था। इस स्थिति को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा, इसके बाद दरों में संशोधन किया गया। वन निगम के चूका प्रभारी पुलकित कुमार ने बताया कि अब मोटर बोट की सैर के लिए छह सैलानियों को 1800 रुपये खर्च करने होंगे, इसमें वे 30 मिनट तक शारदा सागर डैम में भ्रमण कर सकेंगे।
थारू और ट्री हट का नया किराया
इसके अलावा थारू हट का किराया 5600 रुपये से घटाकर 4700 रुपये कर दिया गया है। वहीं ट्री हट के किराए में भी कटौती कर 9100 से 7900 रुपये कर दिया गया है। यह निर्णय सैलानियों की सुविधा और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है।

