लखनऊ: बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे करीब 3,500 कांवड़ियों ने बुधवार को लखनऊ के मोहान रोड पर सड़क जाम कर दिया। कांवड़ियों की मांग है कि मंदिर में शिवलिंग पर लगे चांदी के आवरण को हटाकर उन्हें सीधे शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाने की अनुमति दी जाए।
प्रदर्शन के कारण मोहान रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहन भी जाम में फंस गए, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नंगे पांव गंगाजल लेकर जा रहे थे कांवड़िए
कांवड़िए परियर (बिठूर) गंगाघाट से गंगाजल लेकर नंगे पांव पैदल बुद्धेश्वर महादेव मंदिर की ओर जा रहे थे। यात्रा के दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट स्थित मोहान रोड पर पहुंचने के बाद उन्होंने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कांवड़ियों का कहना है कि वे अपनी आस्था के अनुसार शिवलिंग का प्रत्यक्ष दर्शन करते हुए सीधे उस पर गंगाजल से जलाभिषेक करना चाहते हैं। इसके लिए उनकी मांग है कि जलाभिषेक के समय शिवलिंग पर लगा चांदी का आवरण हटा दिया जाए।
प्रशासन से समय रहते फैसला लेने की मांग
बैदेही सेना के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजू, महंत अनमोल द्विवेदी और महामंत्री अभिषेक मिश्रा ने कहा कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से बुद्धेश्वर महादेव का जलाभिषेक करना है।
उन्होंने प्रशासन और मंदिर प्रबंधन से मांग की कि श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए समय रहते इस संबंध में निर्णय लिया जाए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, कांवड़िए मांग पर अड़े
सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसीपी काकोरी शकील अहमद के साथ पारा और काकोरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें सड़क से हटने और यातायात बहाल करने के लिए समझाने का प्रयास किया।
हालांकि, कांवड़िए अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके चलते मोहान रोड पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
एंबुलेंस फंसने से बढ़ी परेशानी
प्रदर्शन के कारण मोहान रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क पर लंबा जाम लगने के कारण एंबुलेंस समेत कई जरूरी वाहन भी फंस गए।
पुलिस की प्राथमिकता यातायात को सामान्य कराने के साथ-साथ कांवड़ियों से बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकालना रही। प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत जारी रही।

