आगरा में गुरुवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे तीन दोस्त आंबेडकर पुल से नीचे गिर गए। साथ में चल रहे अन्य दोस्तों ने इलाज के लिए एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
छत्ता थाना क्षेत्र के भैरव बाजार निवासी साहिल 12 वीं के छात्र हैं। बृहस्पतिवार को साहिल का जन्मदिन था। शाम 7:00 बजे बाइक से मोहल्ले की रहने वाले दोस्त राज और रोहित के अलावा अन्य दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने बाईकों से रामबाग गए हुए थे। वापस लौट कर घर आते समय साहिल राज और रोहित एक ही बाइक पर आ रहे थे।
रात करीब 12:00 बजे अंबेडकर पुल पर टर्न लेते समय बाइक डिसबैलेंस हो गई। तीनों एक साथ पुल से नीचे सड़क पर आ गिरे। दोस्तों में चीख पुकार मच गई। नीचे पहुंच कर दोस्तों ने पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने राज को मृत घोषित कर दिया। रोहित को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। साहिल की हालत गंभीर बनी हुई है।