आगरा: रेलवे में बिना टिकट या नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वालों के खिलाफ आगरा मंडल ने शुक्रवार को बड़ा टिकट जांच अभियान चलाया। रुनकता रेलवे स्टेशन पर चलाए गए विशेष अभियान में अलग-अलग अनियमितताओं के मामले में कुल 135 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे रेलवे ने कुल 69,480 रुपये का जुर्माना वसूला।
इन यात्रियों पर हुई कार्रवाई
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने के साथ-साथ जनरल टिकट लेकर स्लीपर कोच में सफर करने, बिना बुक किए सामान ले जाने और ट्रेन में गंदगी फैलाने जैसे मामलों की जांच की गई।
अभियान के दौरान पकड़े गए यात्रियों से मौके पर ही नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।
इन ट्रेनों में हुई टिकट जांच
रुनकता स्टेशन पर विशेष जांच अभियान के दौरान कई ट्रेनों की चेकिंग की गई। इनमें 12403, 64958, 12708, 12138, 12618, 12192, 12485, 12280, 64076 और 11906 शामिल हैं।
रेलवे का उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वालों पर रोक लगाने के साथ यात्रियों को रेल नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना भी है।
रेलवे मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चला अभियान
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि अभियान रेलवे मजिस्ट्रेट अमन कुमार और वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के नेतृत्व में चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक राशिद जमील, गुलजार मोहम्मद और अजय सोनी के साथ आरपीएफ और जीआरपी की टीम भी मौजूद रही।
रेलवे की ओर से ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है, ताकि बिना टिकट यात्रा और अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सके।
