अलीगढ़: मथुरा रोड स्थित राजेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्कूल में 25 वर्षीय माली का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंकित के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अंकित स्कूल में माली के रूप में काम करता था। सुबह करीब नौ बजे पुलिस को स्कूल परिसर में एक युवक का शव पेड़ से लटके होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना मडराक पुलिस और क्षेत्राधिकारी इगलास मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाया हत्या का आरोप
अंकित की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर अंकित की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के आरोप की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इसके साथ ही पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ इगलास कमलेश कुमार ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे राजेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्कूल में अंकित का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली थी। पुलिस और क्षेत्राधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया। मृत्यु के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को शवगृह भेजा गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस स्कूल परिसर में मौजूद परिस्थितियों, घटनास्थल और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अंकित की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल मौके पर शांति है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

