Exclusive: खमीर बनाने के दो सीक्रेट फॉर्मूले चोरी! सैफ यीस्ट की लैब में फाड़े लॉगबुक के पन्ने, प्रतिद्वंद्वी कंपनियों तक पहुंचने का शक

3 Min Read
Exclusive: सैफ यीस्ट कंपनी की प्रयोगशाला से खमीर बनाने के दो फॉर्मूले चोरी, फाड़े लॉगबुक के पन्ने

हरदोई: संडीला औद्योगिक क्षेत्र स्थित सैफ यीस्ट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड की प्रयोगशाला से खमीर बनाने के दो अहम उत्पादन फॉर्मूले चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी के एक संविदाकर्मी ने प्रयोगशाला की लॉगबुक में दर्ज फॉर्मूलों वाले दो पन्ने जानबूझकर फाड़ दिए।

कंपनी के महाप्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने संविदाकर्मी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लॉगबुक के दो पन्ने फाड़ने का आरोप

संडीला औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट नंबर 101 में स्थित सैफ यीस्ट कंपनी में अलग-अलग प्रकार का खमीर तैयार किया जाता है। कंपनी की फर्मेंटेशन प्रयोगशाला में उत्पादन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी लॉगबुक में दर्ज रहती है।

महाप्रबंधक आरके आर्या ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बघौली थाना क्षेत्र के कुशालपुर निवासी आशुनीश सिंह कंपनी में संविदाकर्मी है और उसकी प्रयोगशाला तक पहुंच थी।

आरोप है कि 9 अगस्त को आशुनीश ने लॉगबुक के दो पन्ने फाड़ दिए। इन दोनों पन्नों पर दो अलग-अलग प्रकार के खमीर तैयार करने के फॉर्मूले दर्ज थे।

CCTV फुटेज से खुला मामला

कंपनी को घटना का पता बाद में चला। 20 अगस्त को CCTV फुटेज खंगाले जाने पर कथित तौर पर आरोपी कर्मचारी लॉगबुक के पन्ने फाड़ता हुआ दिखाई दिया।

इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने पुलिस से शिकायत की। सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, शिकायत के आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

क्या प्रतिद्वंद्वी कंपनियों तक पहुंचा फॉर्मूला?

मामले में सबसे गंभीर सवाल यह है कि आखिर लॉगबुक के पन्ने क्यों फाड़े गए?

कंपनी के महाप्रबंधक ने प्राथमिकी में आशंका जताई है कि चुराए गए फॉर्मूले प्रतिद्वंद्वी कंपनियों से जुड़े लोगों तक पहुंचाए गए हो सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो कंपनी की उत्पादन तकनीक और विशेषज्ञता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी लीक होने का खतरा है।

हालांकि, अभी तक यह सामने नहीं आया है कि फाड़े गए दोनों पन्ने आरोपी ने किसी को दिए या नहीं।

समोसा रखने के लिए फाड़े थे पन्ने?

मामले की जांच के दौरान एक और दिलचस्प दावा सामने आया है। पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि जब आरोपी से फॉर्मूले वाले पन्ने फाड़ने को लेकर सवाल किया गया तो उसने कथित तौर पर कहा कि लॉगबुक पुरानी थी और उसने समोसा रखने के लिए उसके पन्ने फाड़े थे।

हालांकि, यह दावा फिलहाल पुलिस का आधिकारिक बयान नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पन्ने वास्तव में क्यों फाड़े गए और उनके साथ बाद में क्या हुआ।

फॉर्मूले की बरामदगी और उनके संभावित इस्तेमाल को लेकर जांच आगे बढ़ने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

Share This Article
Exit mobile version