फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में मंगलवार देर रात उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब गार्ड ने परिसर में खड़े तीमारदारों को वहां से हटने के लिए कहा। गार्ड की बात पर तीमारदार भड़क गए और उसके साथ कथित तौर पर अभद्रता करने लगे। देखते ही देखते मौके पर प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
रात करीब 11 बजे शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, ट्रॉमा सेंटर में तैनात गार्ड मोहनबाबू मंगलवार रात करीब 11 बजे ड्यूटी पर थे। इसी दौरान परिसर के भीतर करीब 8 से 10 तीमारदार खड़े थे। उनके वहां खड़े रहने से स्टाफ और मरीजों को गैलरी से निकलने में परेशानी हो रही थी।
इसी बीच एक मरीज को स्ट्रेचर पर लेकर जा रहे मेडिकल स्टाफ ने भी तीमारदारों से रास्ते से हटने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया।
गार्ड के टोकने पर भड़के तीमारदार
इसके बाद गार्ड मोहनबाबू मौके पर पहुंचे और तीमारदारों को ट्रॉमा सेंटर के अंदर अनावश्यक रूप से खड़े न रहने तथा परिसर से बाहर रहने की हिदायत दी। इसी बात को लेकर तीमारदारों और गार्ड के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि तीमारदारों ने गार्ड के साथ अभद्रता की। गार्ड ने इसका विरोध किया तो मामला और बढ़ गया। कुछ ही देर में मौके पर प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू हो गई।
पुलिस पहुंची तो शांत हुआ मामला
हंगामे की सूचना मिलते ही थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर रवि त्यागी पुलिस बल के साथ ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की।
पुलिस ने तीमारदारों और गार्ड को समझाकर मामला शांत कराया। करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
फिलहाल इस घटना के चलते ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था कुछ समय के लिए प्रभावित रही। पुलिस की मौजूदगी के बाद अस्पताल परिसर में हालात सामान्य हो गए।

