पीलीभीत: शाहजहांपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार कारपेंटर की मौत, चालक फरार

indianloveindia
2 Min Read
पीलीभीत: शाहजहांपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार कारपेंटर की मौत, चालक फरार

पीलीभीत के बीसलपुर इलाके में शाहजहांपुर हाईवे पर अहिरपुरा मोड़ के पास मंगलवार रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक और बाइक को कब्जे में ले लिया है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मित्र के घर जा रहा था युवक

बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवपुरी नवदिया निवासी विजय वर्मा के 22 वर्षीय अविवाहित पुत्र विक्रांत वर्मा पेशे से कारपेंटर थे। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे वह बाइक से गांव अहिरपुरा नगला स्थित अपने मित्र के घर जा रहे थे। शाहजहांपुर हाईवे पर अहिरपुरा मोड़ के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और विक्रांत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर बेहोश हो गए।

पुलिस ने ट्रक और बाइक को किया जब्त

हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद विक्रांत को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाल संजीव शुक्ला पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को कब्जे में ले लिया।

परिवार में मातम, तहरीर का इंतजार

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता विजय वर्मा, मां धनदेवी, भाई विशाल कुमार और दिव्यांश कुमार तथा बहन जूली का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि मामले में अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि तहरीर प्राप्त होने पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article