टोरंटो में भारतीय मूल की हिमांशी खुराना की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, सात महीने से थी तलाश

indianloveindia
4 Min Read
टोरंटो में भारतीय मूल की हिमांशी खुराना की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

टोरंटो: कनाडा के टोरंटो में भारतीय मूल की 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब सात महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अब्दुल गफूरी के रूप में हुई है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। हिमांशी दिसंबर 2025 में टोरंटो स्थित एक घर में मृत पाई गई थीं।

पुलिस के मुताबिक, हिमांशी खुराना और अब्दुल गफूरी के बीच इंटीमेट पार्टनर रिलेशनशिप था। हिमांशी स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके से लापता हुई थीं, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। 20 दिसंबर को सुबह करीब 6:30 बजे उनका शव एक घर के अंदर मिला था।

आरोपी गिरफ्तार, फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप

हिमांशी की मौत के बाद टोरंटो पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदिग्ध अब्दुल गफूरी की तस्वीरें और वीडियो भी सार्वजनिक किए थे। करीब सात महीने तक तलाश के बाद पुलिस ने 7 अगस्त 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है।

टोरंटो पुलिस सर्विस के अनुसार, फ्यूजिटिव स्क्वाड और होमिसाइड एंड मिसिंग पर्सन्स यूनिट ने आरोपी को कनाडा वापस लाने और उसकी गिरफ्तारी में मदद के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसियों के साथ समन्वय किया।

पुलिस ने बताया कि 7 अगस्त को टोरंटो के 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी को तलाश कर गिरफ्तार कर लिया गया।

भारत ने हिमांशी की हत्या पर जताया था दुख

हिमांशी खुराना की हत्या के बाद टोरंटो स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने भी दुख जताया था। कॉन्सुलेट की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि एक युवा भारतीय नागरिक की हत्या से वे बेहद दुखी और स्तब्ध हैं।

बयान में हिमांशी के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा गया था कि कॉन्सुलेट मामले पर लगातार नजर रख रहा है और स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में रहते हुए परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहा है।

कनाडा में भारतीय मूल की महिलाओं की हत्या के मामले सामने आए

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब कनाडा में भारतीय मूल की महिलाओं की हत्या से जुड़े कुछ अन्य मामले भी चर्चा में रहे हैं।

पिछले महीने टोरंटो में भारतीय मूल की 26 वर्षीय नवनीत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भारतीय मूल के 37 वर्षीय शरणजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था।

जांचकर्ताओं के अनुसार, महिला और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला को गोली मार दी गई। आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, अल्बर्टा प्रांत की राजधानी एडमोंटन में भी भारतीय मूल की एक महिला की उसके साथी द्वारा हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। इस मामले में रितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था। उस पर 23 वर्षीय दमनप्रीत कौर की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया गया और उसके खिलाफ सेकंड-डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया गया।

Share This Article