महिला टी20 एशिया कप 2026 के फाइनल में रविवार, 13 सितंबर को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सामना डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका से होगा। यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया की नजरें 2024 के फाइनल में मिली हार का बदला चुकाने पर टिकी होंगी।
दोनों टीमों का शानदार सफर
भारत और श्रीलंका, दोनों ही टीमों ने टूर्नामेंट में बिना कोई मुकाबला गंवाए फाइनल तक का सफर तय किया है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हराया, जिसमें शैफाली वर्मा ने 40 गेंदों पर 64 रन की पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 149 रन बनाए थे, जवाब में बांग्लादेश की टीम 109 रन पर ऑलआउट हो गई।
वहीं श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 4 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। पाकिस्तान ने 130 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे श्रीलंका ने हर्षिता समरविक्रमा (36) और अन्य बल्लेबाजों के योगदान से 4 विकेट व 8 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
टी20 इंटरनेशनल में भारत का पलड़ा भारी
महिला टी20 इंटरनेशनल में भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 31 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारतीय टीम ने 25 मैच जीते हैं जबकि श्रीलंका को सिर्फ 5 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच रद्द रहा है। हालिया फॉर्म को देखें तो भारत ने अपने पिछले चार मुकाबलों में श्रीलंका को लगातार मात दी है।
हालांकि, आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी होने के बावजूद यह फाइनल आसान नहीं माना जा रहा। श्रीलंकाई टीम के मौजूदा फॉर्म और दुबई की धीमी पिच को देखते हुए मुकाबला कड़ा रह सकता है। कप्तान हरमनप्रीत कौर के बल्ले पर भी खास नजर रहेगी, क्योंकि टूर्नामेंट में अब तक उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है।
एशिया कप में हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
महिला टी20 एशिया कप के इतिहास में भारत और श्रीलंका के बीच अब तक कुल 5 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 4 मैच जीते हैं जबकि श्रीलंका को सिर्फ एक बार जीत मिली है। श्रीलंका की यह जीत 2024 के एशिया कप फाइनल में आई थी, जब उसने खिताबी मुकाबला 8 विकेट से एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया था। भारतीय टीम अब उसी हार का बदला चुकाकर रिकॉर्ड आठवीं बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा।

