UP: प्रेमिका को लेकर भागा, शादी की और फिर कर दी हत्या; दो महीने तक सूटकेस में बंद रहा शव, वाराणसी से आरोपी गिरफ्तार

indianloveindia
4 Min Read

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि दादरा और नगर हवेली के सिलवासा में ऋषभ कुमार सिंह ने अपनी पत्नी छोटी उपाध्याय की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कमरे के बाथरूम में ट्रॉली सूटकेस के अंदर छिपाकर फरार हो गया। करीब दो महीने बाद महिला का शव बरामद हुआ। हत्या के बाद आरोपी पहचान बदलकर वाराणसी में मजदूरी कर रहा था, जहां से उसे एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

दो महीने बाद सूटकेस में मिला था महिला का शव

तीन अगस्त को सिलवासा के टोकर खड़ा इलाके में एक किराये के मकान से दुर्गंध आने के बाद मकान मालिक को शक हुआ। कमरे का दरवाजा खोलने पर बाथरूम में एक ट्रॉली सूटकेस मिला। उसके अंदर प्लास्टिक में लिपटा महिला का शव बरामद हुआ। शव काफी पुराना था।

जांच के बाद मृतका की पहचान बिहार के नवादा की रहने वाली 20 वर्षीय छोटी उपाध्याय के रूप में हुई। पुलिस ने हत्या की जांच शुरू की तो शक उसके पति ऋषभ कुमार सिंह पर गया। वारदात के बाद से ऋषभ सिलवासा से फरार था।

नाम बदलकर वाराणसी में कर रहा था मजदूरी

हत्या के बाद आरोपी वाराणसी आ गया और अपनी पहचान छिपाकर चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्टरी में मजदूरी करने लगा। खुफिया जानकारी मिलने के बाद एसटीएफ वाराणसी इकाई और सिलवासा पुलिस ने मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित चांदपुर औद्योगिक आस्थान में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद ऋषभ को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद सिलवासा पुलिस उसे दादरा और नगर हवेली ले गई।

शादीशुदा छोटी को लेकर भाग गया था ऋषभ

एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया कि बिहार के नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव निवासी ऋषभ का अपने गांव की शादीशुदा महिला छोटी उपाध्याय से प्रेम संबंध था। छोटी की शादी हो जाने के बावजूद दोनों के बीच संबंध बने रहे।

बताया गया कि छोटी के कहने पर ऋषभ उसे लेकर दादरा और नगर हवेली चला गया। दोनों ने सिलवासा में शादी कर ली और वहीं किराये के मकान में रहने लगे। छोटी को लेकर भागने के मामले में ऋषभ के खिलाफ बिहार के रोह थाने में अपहरण की प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी।

शादी के बाद गांव लौटने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, शादी के बाद छोटी लगातार ऋषभ पर गांव लौटने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि 9 जून की सुबह दोनों में कहासुनी हुई और शाम को ऋषभ ने छोटी की गला दबाकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को रस्सी से बांधा और ट्रॉली सूटकेस में बंद कर दिया। इसके बाद वह कमरे पर ताला लगाकर वहां से फरार हो गया और वाराणसी पहुंचकर दूसरी पहचान के साथ मजदूरी करने लगा।

परिवार ने भी रिश्ते को स्वीकार नहीं किया

जांच में यह भी सामने आया कि छोटी और ऋषभ की शादी से दोनों परिवार नाराज थे। परिवारों ने दोनों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। वहीं, छोटी को लेकर भागने के मामले में ऋषभ पहले से ही कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहा था।

एसटीएफ वाराणसी इकाई और सिलवासा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब मामले की आगे की जांच दादरा और नगर हवेली पुलिस कर रही है।

Share This Article