आगरा में अक्तूबर में सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट रोड पर सजने वाली जनकपुरी की तैयारियों के बीच मंगलवार को महापौर हेमलता दिवाकर ने क्षेत्र में 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों में सड़क निर्माण, नाली मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीसी सड़क, हॉटमिक्स सड़क सुधार और नालों को ढकने का काम शामिल है।
‘अब तक का सबसे बड़ा विकास बजट’
महापौर हेमलता दिवाकर ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव के अब तक के आयोजनों की तुलना में इस बार आयोजन क्षेत्र को सबसे बड़ा विकास बजट दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम आयोजन से पहले सभी काम गुणवत्ता के साथ पूरे कराएगा। इन कार्यों से क्षेत्र की सड़क, नाली और जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और पूरे इलाके को एलईडी लाइटों से रोशन किया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य संरक्षक संतोष कटारा, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, कोषाध्यक्ष आकाश ग्वाला और पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी मौजूद रहे।
बाबरपुर रोड का नाम नहीं बदल सका, सदन न होने से अटका प्रस्ताव
जनकपुरी आयोजन समिति की मांग पर क्षेत्रीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी ने बाबरपुर रोड का नाम बदलने का प्रस्ताव दिया है, लेकिन पांच महीने से नगर निगम सदन की बैठक न होने के कारण यह प्रस्ताव अब तक पेश ही नहीं हो सका। प्रक्रिया के अनुसार, सदन में प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे शासन को भेजा जाता है और तभी नाम आधिकारिक रूप से बदला जाता है। ऐसे में जनकपुरी आयोजन से पहले नाम परिवर्तन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होना मुश्किल है।
पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी ने बताया कि सदन का अधिवेशन न होने के कारण प्रस्ताव पेश नहीं हो पाया है और कोशिश है कि इसी महीने सदन में यह पास हो जाए। उन्होंने कहा कि लखनऊ से मंजूरी न मिलने की स्थिति में भी बदले हुए नाम का बोर्ड लगा दिया जाएगा।
इस बार 150वें वर्ष में जनकपुरी महोत्सव
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस वर्ष जनकपुरी महोत्सव अपने ऐतिहासिक 150वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और श्री रामलीला कमेटी ने आयोजन के लिए सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट रोड का चयन किया है। आयोजन समिति के मुताबिक, कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट के पास करीब 16 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में भव्य जनक महल का मुख्य मंच तैयार किया जा रहा है, जिसकी ऊंचाई करीब 140 फीट प्रस्तावित है। 6 अक्तूबर को राम बरात निकाली जाएगी, 7 से 9 अक्तूबर तक भावना एस्टेट रोड पर जनकपुरी सजेगी और 20 अक्तूबर को दशहरे पर रावण वध का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
चूंकि आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, इसलिए सड़क, नाली और जल निकासी से जुड़े इन कार्यों को समय पर पूरा करना नगर निगम के लिए अहम माना जा रहा है।

