महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। काटोल थाना क्षेत्र के झिलपा परिसर स्थित एक तालाब में गौरी विसर्जन के दौरान डूबने से दो बालकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आयुष हरीश कुमार और दर्शन उर्फ दक्ष धनराज लाड़ के रूप में हुई है। दोनों झिलपा, काटोल के निवासी थे। आयुष कक्षा 8वीं और दर्शन कक्षा 7वीं में पढ़ता था।
मां के साथ पहुंचे थे तालाब, कम गहरे पानी में उतरे थे बालक
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गौरी विसर्जन के लिए गांव की कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ गांव के पास स्थित तालाब पर पहुंची थीं। आयुष और दर्शन भी अपनी मां के साथ वहां गए थे। महिलाएं जब तालाब में गौरी विसर्जन कर रही थीं, तब दोनों बालक तालाब के किनारे कम गहरे पानी में उतरे थे। इसी दौरान वे अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए और डूब गए। विसर्जन के दौरान जब दोनों बालक नजर नहीं आए, तब महिलाओं को उनके डूबने का पता चला।
ग्रामीणों और चाचा ने पानी में उतरकर की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोगों और दोनों बालकों के चाचा ने तालाब में उतरकर उनकी तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों को पानी से बाहर निकालकर तुरंत काटोल ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से झिलपा गांव में शोक का माहौल है।
बलिया में पुलिसकर्मी का तालाब में मिला शव
इस बीच उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से भी एक चिंताजनक खबर सामने आई है। बांसडीह कोतवाली में तैनात रिजर्व पुलिसकर्मी परितोष मिश्रा का शव सोमवार सुबह बांसडीहरोड थाना क्षेत्र स्थित एक तालाब में मिला। पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को परितोष मिश्रा कांस्टेबल शिवगोपाल पाल को इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने के लिए बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात दो-तीन पुलिसकर्मियों के साथ भोजन किया। इसके बाद उन्होंने साथियों को बताया कि उन्हें रात में दूसरी ड्यूटी पर जाना है और निजी मोटरसाइकिल से वहां से रवाना हो गए।
निर्धारित समय पर बांसडीह थाने में ड्यूटी पर न पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। सोमवार सुबह करीब 10 बजे बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के एक तालाब में उनका शव और बाइक बरामद हुई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, यह मामला अभी संदिग्ध परिस्थितियों में है और मौत का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विधिक जांच जारी है।
(यह एक संवेदनशील विषय है। यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी किसी कठिनाई से गुजर रहा है, तो कृपया किसी योग्य विशेषज्ञ या हेल्पलाइन से सहायता लें।)

