UP: घरेलू विवाद के बाद दो बच्चों को लेकर कुएं में कूदी महिला, तीनों की मौत; परिजनों के बयान से जांच में बढ़ा संदेह

indianloveindia
3 Min Read
‘कलह बनी काल’: दो मासूमों को गोद में लेकर पहुंची खेत, फिर कुएं में लगाई छलांग, परिजनों की खमोशी से उठे सवाल

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। हादसे में महिला और उसके दोनों बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन मामले में कुछ भी स्पष्ट बताने से बचते नजर आए। उन्होंने बच्चों के कुएं में गिरने की बात कही, जबकि पुलिस को शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की जानकारी मिली है।

पति से विवाद के बाद घर से निकली महिला

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के प्रकाश बम्हौरी गांव निवासी सुरेश कुशवाहा अपनी 21 वर्षीय पत्नी भागवती, डेढ़ वर्षीय बेटे पुष्पेंद्र और तीन वर्षीय बेटी संध्या के साथ खेत में बने मकान में रहते थे।

बताया गया कि सोमवार दोपहर पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू मुद्दे को लेकर विवाद हुआ। कहासुनी के बाद भागवती दोनों बच्चों को गोद में लेकर घर से बाहर निकल गई। कुछ दूरी पर खेत में बने कुएं के पास पहुंचने के बाद उसने दोनों बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी।

किसानों ने पुलिस को दी घटना की सूचना

घटना के समय आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों को जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से महिला और दोनों बच्चों को कुएं से बाहर निकाला।

हालांकि, तब तक भागवती की मौत हो चुकी थी। दोनों बच्चों की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल महोबा पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया- खेलते समय कुएं में गिरे बच्चे

घटना के बाद जब पुलिस और अन्य लोगों ने परिजनों से जानकारी लेने की कोशिश की तो वे ज्यादा कुछ बताने से बचते रहे। परिजनों ने दावा किया कि बच्चे खेलते समय कुएं में गिर गए थे।

हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आई है। महिला द्वारा बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाने की आशंका को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

एक साथ तीन मौतों से गांव में मातम

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के कारणों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

प्रकाश बम्हौरी थाना प्रभारी श्याम बैन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article