मुरादाबाद: मझोला थाना क्षेत्र की 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा साइबर ठगी का शिकार हो गई। YouTube पर देखे एक वीडियो में रकम दोगुनी करने और नया iPhone देने का लालच देकर साइबर ठगों ने छात्रा से उसकी मां और बुआ के बैंक खातों से करीब 18 लाख 47 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलने के बाद परिवार के लोग सन्न रह गए। छात्रा के पिता ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
799 रुपये से शुरू हुआ ठगी का खेल
छात्रा के पिता, जो दवा कंपनी में सीनियर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव हैं, ने पुलिस को बताया कि 9 जुलाई को उनकी बेटी मोबाइल पर YouTube देख रही थी। इसी दौरान उसे एक वीडियो दिखाई दिया, जिसमें दावा किया गया था कि 799 रुपये ट्रांसफर करने पर रकम दोगुनी हो जाएगी और नया iPhone भी मिलेगा।
लालच में आकर छात्रा ने वीडियो में दिए गए QR कोड के जरिए 799 रुपये भेज दिए। इसके बाद उसके WhatsApp नंबर पर एक मैसेज आया और एक लिंक भेजा गया। यह मैसेज कथित तौर पर आदित्य शमशेर माला नाम से भेजा गया था।
Processing के नाम पर मांगे गए पैसे
आरोपी ने छात्रा से processing के नाम पर 16,998 रुपये और ट्रांसफर करा लिए। इसके बावजूद न तो रकम वापस मिली और न ही iPhone मिला।
जब छात्रा ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उसे बताया कि पैसे किसी international gateway में फंस गए हैं। इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर उससे और पैसे मांगता रहा।
मां और बुआ के खातों से ट्रांसफर हुई रकम
आरोपी के झांसे में फंसने के बाद छात्रा ने अपनी मां और बुआ के बैंक खातों से भी रकम ट्रांसफर कर दी। इस तरह कुल मिलाकर करीब 18.47 लाख रुपये साइबर ठगों के पास चले गए।
जब ठग लगातार पैसे मांगते रहे और कोई रकम वापस नहीं मिली, तब छात्रा ने पूरी घटना अपने पिता को बताई। इसके बाद परिवार को समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी है।
साइबर थाने में दर्ज हुई शिकायत
पुलिस अधीक्षक अपराध सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। टीम ठगी की रकम को वापस कराने और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि YouTube पर वीडियो किसने अपलोड किया था और छात्रा से संपर्क करने वाले आरोपी के नाम और बैंक खातों के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
ठगी के बाद डिप्रेशन में छात्रा
साइबर ठगी के बाद छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान बताई जा रही है। परिवार के मुताबिक, वह डिप्रेशन में चली गई है और कई बार उसकी तबीयत बिगड़ चुकी है। परिजन उसे डॉक्टर के पास भी ले गए हैं और फिलहाल उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या YouTube पर रकम दोगुनी करने, महंगे मोबाइल या अन्य महंगे सामान मुफ्त अथवा बेहद कम कीमत पर देने वाले ऑफर पर भरोसा न करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर QR कोड स्कैन कर पैसे भेजने या लिंक पर बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें।

