‘आज कहानी खत्म कर दूंगा’, बच्चों के सामने बैंककर्मी ने शिक्षिका पत्नी को मारी गोली, फिर हुआ फरार

indianloveindia
4 Min Read
‘आज कहानी खत्म कर दूंगा’, बैंककर्मी ने 9 साल के बेटे के सामने टीचर पत्नी को गोली मारी

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया में घरेलू विवाद के बाद एक बैंककर्मी ने अपने ही बच्चों के सामने शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मृतका के 9 वर्षीय बेटे ने अपने मामा को वीडियो कॉल के जरिए दी। पुलिस ने मौके से गोली का खोखा बरामद किया है और आरोपी की तलाश में जुटी है।

मृतका की पहचान 34 वर्षीय शालिनी कुमारी के रूप में हुई है, जो श्रीनगर प्रखंड के एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका थीं। उनके पति राजकुमार यादव पूर्णिया में कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत हैं।

जमीन को लेकर हुआ था पति-पत्नी में विवाद

घटना खजांची हाट थाना क्षेत्र के रेणु नगर की है। परिजनों के मुताबिक, शालिनी और राजकुमार के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। रविवार शाम भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

बताया जा रहा है कि विवाद दो कट्ठा जमीन को लेकर था। इस जमीन में दोनों ने मिलकर निवेश किया था। राजकुमार अपने हिस्से की रकम शालिनी से वापस मांग रहा था, लेकिन शालिनी फिलहाल यह राशि लौटाने में असमर्थ थीं। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

परिजनों के अनुसार, झगड़े के दौरान राजकुमार ने बच्चों के सामने शालिनी के साथ मारपीट भी की। इसके बाद वह घर से बाहर चला गया। मृतका के बड़े बेटे के मुताबिक, घर से निकलते समय उसके पिता ने कथित तौर पर कहा था, “आज कहानी ही खत्म कर देते हैं।”

खाना बना रही थी पत्नी, लौटकर पति ने चला दी गोली

बताया गया कि रात करीब 8 बजे राजकुमार वापस घर आया। उस समय दोनों बच्चे पढ़ाई कर रहे थे और शालिनी रसोई में खाना बना रही थीं।

आरोप है कि घर लौटने के बाद राजकुमार ने बच्चों के सामने ही शालिनी को गोली मार दी। गोली उनके सीने में लगी। वारदात के बाद आरोपी घर से निकलकर फरार हो गया।

घायल पत्नी ने भाई से वीडियो कॉल पर की बात

गोली चलने के बाद 9 वर्षीय बेटे ने अपने मामा विक्रम आनंद को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी। उस समय शालिनी जमीन पर घायल अवस्था में पड़ी थीं।

परिजनों के अनुसार, वीडियो कॉल के दौरान शालिनी ने अपने भाई से कहा कि उन्हें गोली मार दी गई है। इसके बाद परिवार के लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए जीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका के मामा गौरी शंकर ने बताया कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद के बाद यह घटना हुई। वारदात के समय घर में दंपती के दोनों बच्चे, जिनकी उम्र 4 और 9 साल है, मौजूद थे।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी

सदर एसडीपीओ अभिनव पाराशर के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया गया है।

पुलिस आरोपी पति राजकुमार यादव की तलाश कर रही है। जांच के दौरान मामले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पुलिस उसके बैंक खातों और लेनदेन की भी जांच करेगी।

बच्चों के सामने हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।

Share This Article