UP: बिजनौर में गुलदार का खौफ, घर में घुसकर 2 साल के मासूम को उठा ले गया; खेत में मिला शव

4 Min Read
UP: बिजनौर में तेंदुए का आतंक जारी, दो साल के बच्चे को उठा ले गया, जबड़े में दबा रखा था सिर; खेत में मिला शव

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। नहटौर क्षेत्र के मुस्सेपुर गांव में शुक्रवार रात गुलदार घर में घुसकर चारपाई पर सो रहे दो साल के मासूम रोहित को उठा ले गया। परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। शनिवार तड़के घर से करीब 200 मीटर दूर खेत के पास मासूम का शव मिला।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि रोहित के सिर पर बड़े जानवर के दांतों के निशान थे। आशंका है कि गुलदार ने उसके सिर को अपने जबड़े में दबाकर उसे चारपाई से उठाया था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।

बहन के साथ सो रहा था मासूम

मुस्सेपुर निवासी राजवीर सिंह का करीब दो वर्षीय बेटा रोहित शुक्रवार रात अपनी छह वर्षीय बहन लवी के साथ घर की गैलरी में चारपाई पर सो रहा था। माता-पिता और पांच वर्षीय बेटी परी कमरे में सो रहे थे।

रात में किसी समय गुलदार घर में घुसा और रोहित को चारपाई से उठाकर बाहर ले गया। परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं हुई।

शनिवार सुबह करीब पौने पांच बजे गांव निवासी मदन टहलने निकला। गांव की सीमा के पास रास्ते में बच्चे का शव देखकर वह घबरा गया। उसने रोहित को पहचानकर परिवार को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

सिर पर दांतों के निशान, हाथ की हड्डी टूटी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिजनौर मेडिकल कॉलेज की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर बड़े जानवर के दांतों के निशान और दायें हाथ की हड्डी टूटी मिली।

इन चोटों के आधार पर आशंका जताई गई कि गुलदार ने मासूम के सिर को जबड़े में दबाकर उठाया था। इसी वजह से संभव है कि बच्चे को चीखने तक का मौका नहीं मिला।

खास बात यह है कि गुलदार ने बच्चे के शव को खाने की कोशिश नहीं की। शव घर से करीब 200 मीटर दूर मिला।

ड्रोन से तलाश, जंगल में लगाया पिंजरा

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव पहुंची। आसपास के खेतों और जंगल में कांबिंग की गई। ड्रोन कैमरों से भी गुलदार की तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

घटनास्थल के आसपास गुलदार के पगचिह्न भी मिले हैं। वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए जंगल में पिंजरा लगवा दिया है।

डीएफओ जय सिंह कुशवाह ने बताया कि क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी की पुष्टि हुई है और उसे पकड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं।

दो बेटियों के बाद हुआ था इकलौता बेटा

रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। राजवीर की दो बेटियां लवी और परी हैं। दो बेटियों के बाद बेटे के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल था। मासूम की मौत के बाद मां कमला समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव में अब गुलदार के डर से दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से उसे जल्द पकड़ने की मांग की है।

Share This Article
Exit mobile version